इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 26 सितंबर (चतुर्थी नवरात्र) : माँ भद्रकाली शक्तिपीठ में आज नवरात्रि के चतुर्थ दिन माँ कुष्मांडा स्वरूप की भव्य पूजा संपन्न हुई। प्रातः 6 बजे मंगला आरती का शुभारंभ मुख्य पुजारिन शिमला देवी ने किया, जिसमें मुख्य अतिथि सुशील शर्मा उपस्थित रहे।
पूजन विधि के अंतर्गत माँ को स्नान कराकर हरी इलायची, सौंफ, लाल पुष्प और लाल चूड़ी अर्पित की गई। इसके पश्चात माँ को प्रिय मालपुए का भोग लगाया गया। पीठाध्यक्ष पं. सतपाल शर्मा ने बताया कि मंद मुस्कान से ब्रह्मांड की उत्पत्ति करने वाली देवी को कुष्मांडा कहा जाता है।
भक्ति में लीन श्रद्धालु, अनुशासन की मिसाल
दोपहर 12 बजे नवरात्रि व्रत भंडारा माँ के भक्तों द्वारा आयोजित किया गया, वहीं अन्नपूर्णा भंडारा का आयोजन संजय बंसल, चेयरमैन SKIET, कुरुक्षेत्र द्वारा किया गया। श्रद्धालु “ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे” मंत्र का उच्चारण करते हुए माँ की परिक्रमा कर रहे थे। हर कदम पर आस्था की गूंज और हर स्वर में शक्ति की ध्वनि समाहित थी।
भजन संध्या और महाआरती में उमड़ा जनसैलाब
शाम को बब्बु चावला एंड पार्टी द्वारा भजन संध्या में भक्तों को माँ की भक्ति में सराबोर किया गया। 7 बजे संध्या कालीन 505 ज्योत महाआरती में कन्या पूजन, नव दुर्गा पूजन और भारत माता पूजन श्री देवीकूप पर संपन्न हुआ। इस अवसर पर रमन शर्मा, बृजमोहन शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रद्धा, शक्ति और समृद्धि का आशीर्वाद
माँ के दिव्य दरबार में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर शक्ति, साहस और समृद्धि का आशीर्वाद संजोते नज़र आए। अध्यक्ष नरेंद्र वालिया, उपाध्यक्ष डॉ एम के मौदगिल, देवेंद्र गर्ग, मीना जोशी, सुनील जोशी, संजीव मित्तल, हाकम चौधरी, स्नेहिल शर्मा, निकुंज शर्मा, आशीष दीक्षित, सुनील वर्मा सहित कई भक्तों ने माँ के दर्शन किए।




