कुरुक्षेत्र, 22 सितंबर : कुरुक्षेत्र निवासी और ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत के विधि संकाय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. खगेश गौत्तम को इंग्लैंड की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड में आयोजित धर्म कॉन्फ्रेंस में अपने शोध पत्र के वाचन के लिए आमंत्रित किया गया है। यह सम्मेलन 6 और 7 अक्टूबर को आयोजित होगा।
डॉ. गौत्तम अपने स्वलिखित शोध पत्र “The Dharma of Emergency: Rethinking Environmental Disaster” का वाचन करेंगे। यह विषय पर्यावरणीय आपदाओं के संदर्भ में धर्म और नैतिकता की भूमिका पर केंद्रित है।
डॉ. खगेश गौत्तम कुरुक्षेत्र के प्रसिद्ध अधिवक्ता पृथ्वी नाथ गौत्तम और समाजसेवी श्रीमती मीरा गौत्तम के पुत्र हैं। गौत्तम परिवार नगर की कई धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। पृथ्वी नाथ गौत्तम जिला टेक्सिएशन बार एसोसिएशन के प्रधान हैं।
डॉ. गौत्तम की प्रारंभिक शिक्षा गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र में हुई। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के संरक्षक जयनारायण शर्मा, प्रधान यशेंद्र शर्मा और प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




