इंसाइट न्यूज 24, शिमला : हिमाचल प्रदेश इस साल भारी बारिश और भूस्खलनों की चपेट में है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, मानसून शुरू होने के बाद से अब तक 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 3,000 से अधिक मकान पूरी तरह ढह गए और हजारों परिवार बेघर हो गए हैं।
कई प्रमुख सड़कें टूट जाने से ग्रामीण इलाकों का संपर्क जिला मुख्यालयों से कट गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दल तैनात किए हैं। सेना और एनडीआरएफ की टीमें भी सक्रिय रूप से राहत कार्यों में जुटी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध करा रही है। साथ ही, राज्य सरकार ने केंद्र से विशेष राहत पैकेज की मांग की है।
स्थानीय लोग बता रहे हैं कि इस बार बारिश ने बीते कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और खेतों के साथ-साथ बागानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।




