इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 7 सितम्बर : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान में शिक्षक दिवस समारोह बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के निदेशक प्रोफेसर महासिंह पूनिया ने कहा, “हर नागरिक की जिम्मेदारी का आत्मबोध शिक्षक से मिली शिक्षा से ही संभव होता है। शिक्षक ही समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव रखते हैं।”
प्रो. पूनिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके जीवन की दिशा तय करने में उनके परिवार और शिक्षकों की भूमिका निर्णायक रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने शिक्षकों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि हर दिन उनसे जीवन के विविध पहलुओं को सीखने का प्रयास करें।
विद्यार्थियों ने दिखाई कला और कृतज्ञता
कार्यक्रम में जनसंचार, मल्टीमीडिया, प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग, ग्राफिक्स एंड एनिमेशन विभागों के विद्यार्थियों ने नृत्य, कविता, संवाद, कहानी और गीत-संगीत के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। स्टेज संचालन से लेकर टैलेंट प्रतियोगिता तक, हर गतिविधि में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मधुदीप ने कहा, “हर कार्य जीवन की सीढ़ी है, बशर्ते उसे लगन और खुशी से किया जाए।” वहीं डॉ. आबिद अली ने विद्यार्थियों को अपनी छुपी प्रतिभा को उजागर करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में संस्थान के सभी शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।




