इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 5 सितम्बर : शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुकुल कुरुक्षेत्र के जिम्नेजियम हॉल में एक भव्य और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने अपने शिक्षकों के साथ साझा किए जीवन-परिवर्तनकारी अनुभव।
कार्यक्रम की शुरुआत में विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने मंच पर आकर उन पलों को याद किया जब उनके अध्यापक ने उन्हें संबल दिया, आत्मविश्वास जगाया और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा ने एक प्रेरक कथा के माध्यम से छात्रों को अपने गुरुओं के प्रति आदर भाव रखने की सीख दी। उन्होंने कहा, “अपनी विद्या पर घमंड नहीं करें, जिन्होंने आपको चलना सिखाया है उनसे कभी तुलना न करें। अहंकार व्यक्ति का सबसे बड़ा शत्रु है—उन्नति के लिए उसका त्याग आवश्यक है।”
ब्रिगेडियर शर्मा ने शिक्षक दिवस के प्रणेता डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की और गुरुकुल के समर्पित शिक्षकों एवं सह-शिक्षकों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य सूबे प्रताप जी, वरिष्ठ शिक्षक प्रेमपाल शर्मा, नरेन्द्र सिंगला, श्रवण कुमार, और रमेश चंद ने ब्रिगेडियर शर्मा को भी स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।




