इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 30 अगस्त : श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर एनएसएस यूनिट द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। रस्सा-कस्सी और वॉलीबॉल जैसे पारंपरिक खेलों में छात्र-छात्राओं ने न सिर्फ अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया, बल्कि टीम भावना और अनुशासन की मिसाल भी पेश की।
• रस्सा-कस्सी में छात्राओं की जीत: बीएएमएस सत्र 2024–25 की छात्राओं ने महिला वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
• पुरुष वर्ग में बाज़ी मारी 2023–24 बैच ने, जबकि
• वॉलीबॉल मुकाबले में 2022–23 बैच रहा विजेता, जिसने दमदार खेल कौशल दिखाया।
कार्यक्रम की शुरुआत आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान के प्राचार्य डॉ. आशीष मेहता ने टॉस उछालकर की। उन्होंने छात्रों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “आज के दौर में युवाओं का स्मार्टफोन और सोशल मीडिया की ओर बढ़ता झुकाव चिंता का विषय है। योग और खेलकूद ही स्वस्थ जीवन की असली कुंजी हैं।”
एनएसएस के नोडल अधिकारी प्रो. पीसी मंगल, डॉ. सुरेंद्र सिंह सहरावत और अन्य शिक्षकों ने विजेता टीमों को सम्मानित किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।




