– जय नारायण शर्मा
इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 29 अगस्त : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय वार्ड के पूर्व नगर पार्षद एवं नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन एडवोकेट जय नारायण शर्मा ने विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके सेवा-समापन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने नैक द्वारा ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्राप्त कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
शर्मा ने विशेष रूप से यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की वरिष्ठ प्रोफेसर एवं वर्तमान में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां (सोनीपत) की कुलपति प्रो. सुदेश छिक्कारा के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रो. सुदेश के पास 31 वर्षों का शैक्षणिक, प्रशासनिक और शोध अनुभव है, और उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, खेल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रो. सुदेश ने सदैव महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और व्यक्तिगत स्तर पर सशक्त बनाने के लिए कार्य किया है, जिससे वे अपने जीवन से जुड़े निर्णय स्वयं ले सकें और समान अवसर प्राप्त कर सकें। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता से एक मिसाल कायम की है।




