Home » लेटेस्ट न्यूज़ » विधानसभा सत्र में विपक्ष के तीखे सवालों पर चुप रही सरकार: हुड्डा का बड़ा हमला

विधानसभा सत्र में विपक्ष के तीखे सवालों पर चुप रही सरकार: हुड्डा का बड़ा हमला

Picture of insightnews24

insightnews24

इंसाइट न्यूज 24, चंडीगढ़, 29 अगस्त : हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे सत्र में सरकार विपक्ष के सवालों से बचती रही और किसी भी मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने से कतराती रही।
हुड्डा ने कहा कि किसानों की समस्याओं, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों पर कांग्रेस विधायकों ने सवाल उठाए, लेकिन सरकार के पास न तो समाधान था और न ही जवाब। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और मंत्री सदन को गुमराह करने की कोशिश करते रहे।

 किसानों को नहीं मिला MSP, खाद और मुआवजा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का 24 फसलों पर एमएसपी देने का दावा खोखला साबित हुआ है। मंडियों में मक्का और सूरजमुखी जैसी फसलें एमएसपी से काफी कम दामों पर बेची गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पोर्टल की जटिलताओं के जरिए किसानों को उलझा रही है और खाद व मुआवजा देने से बच रही है।
बीपीएल कार्ड में धांधली और वोट चोरी का आरोप
हुड्डा ने बीपीएल कार्डों को लेकर बड़े घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले लाखों अपात्र लोगों को बीपीएल कार्ड दिए गए और अब सरकार बनने के बाद उन्हें रद्द किया जा रहा है। उन्होंने इसे “वोट चोरी” की संज्ञा दी और कहा कि करीब 11 लाख परिवारों को सरकारी योजनाओं से वंचित कर दिया गया है।

खिलाड़ियों की नियुक्ति पर सरकार को घेरा

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान 700 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में नियुक्त किया गया था, जबकि बीजेपी ने खेल कोटा की नीति को ही खत्म कर दिया। उन्होंने विधानसभा में सरकार द्वारा दिए गए आंकड़ों को झूठा बताया।
 जमीनों के रेट में बढ़ोतरी से गरीबों पर असर
कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी को लेकर हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार का यह फैसला गरीब और मध्यम वर्ग विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीलामी आधारित आवंटन से प्लॉट्स के दाम आसमान छूने लगे हैं।
 हरियाणा में संगठित अपराध का बढ़ता खतरा
हुड्डा ने कहा कि राज्य में संगठित अपराध चरम पर है। एसटीएफ की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा में 80 से अधिक गैंग सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों का इतना खौफ है कि उद्योग राज्य छोड़ रहे हैं और निवेशक आने से डर रहे हैं।
महिलाओं के खिलाफ अपराध में हरियाणा शीर्ष पर
एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए हुड्डा ने कहा कि हरियाणा महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में देश में सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुड्डा के साथ कांग्रेस के कई विधायक भी मौजूद थे, जिनमें रघुबीर कादयान, अशोक अरोड़ा, गीता भूक़ल, बीबी बत्रा और आफताब अहमद शामिल थे।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स