Home » लेटेस्ट न्यूज़ » कुरुक्षेत्र में 3–4 सितम्बर को मेला वामन द्वादशी, शोभायात्रा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य तैयारी

कुरुक्षेत्र में 3–4 सितम्बर को मेला वामन द्वादशी, शोभायात्रा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य तैयारी

Picture of insightnews24

insightnews24

इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 25 अगस्त — धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में 3 और 4 सितम्बर को आयोजित होने वाले मेला वामन द्वादशी की तैयारियों को लेकर रेणुका सदन में आयोजन समिति की बैठक संपन्न हुई। समिति के संयोजक जयनारायण शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मेले के सफल आयोजन हेतु कई सबकमेटियों का गठन किया गया।
 शोभायात्रा का आकर्षण
4 सितम्बर को वामन भगवान की भव्य शोभायात्रा सायं 3 बजे दुखभंजन मंदिर से प्रारंभ होगी। इसका शुभारंभ गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, ब्रह्मचारी ब्रह्मस्वरूप जी और महंत बंसी पुरी जी करेंगे। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—रेलवे रोड, आर्य समाज मार्किट, अम्बेडकर चौक, पालिका बाजार, मोती चौक, नया बाजार होते हुए सन्निहित सरोवर पहुंचेगी, जहां नौका विहार, आरती और भजन संध्या का आयोजन होगा।
इस शोभायात्रा में रंग-बिरंगी झांकियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शानदार आतिशबाजी शामिल होंगी। इसकी तैयारियों के लिए मनोज परुथी, एम.के. मौदगिल, विवेक भारद्वाज डब्बू और राजकुमार काला की सबकमेटी गठित की गई है।
 वामन पुराण कथा व धार्मिक अनुष्ठान
3 सितम्बर को प्रातः 9 बजे यज्ञ व तीर्थ पूजन के बाद वामन पुराण कथा का आयोजन सन्निहित सरोवर पर होगा। आचार्य शुकदेव व्यास इस कथा का वाचन करेंगे। कथा की व्यवस्थाओं के लिए रोहित शर्मा बबलू, प्रवीण गौतम, सुखदेव शर्मा सहित अन्य सदस्यों की समिति बनाई गई है।
खेलकूद व कला प्रतियोगिताएं
3 सितम्बर को ही खेल विभाग द्वारा खेलकूद प्रतियोगिताएं और शिक्षा विभाग द्वारा रंगोली व पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनका संचालन यशपाल शर्मा के नेतृत्व में गठित समिति करेगी।
भोजन व प्रसाद वितरण
भोजन व्यवस्था के लिए विजय अत्री, अशोक वत्स और पवन लीला की समिति बनाई गई है, जबकि प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी राकेश तिवारी और राजीव शर्मा अच्चू को सौंपी गई है।
 नगर में स्वागत व सांस्कृतिक प्रस्तुति
जयनारायण शर्मा ने बताया कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और नगर की सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संस्थाओं के सहयोग से शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह फूल बरसाकर व जलपान द्वारा स्वागत किया जाएगा। सभी व्यवस्थाओं की निगरानी सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा करेंगे।
3 सितम्बर की सायंकाल हरियाणा कला परिषद के सहयोग से वामन भगवान की नृत्य नाटिका भी सन्निहित सरोवर पर प्रस्तुत की जाएगी।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स