कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र स्थित अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला में आज संत शिरोमणि धन्ना भक्त की मूर्ति का अनावरण किया जाएगा। यह धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादयान इसकी अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियां जाट धर्मशाला परिसर में जोर-शोर से चल रही हैं। कुछ समय पहले ही धर्मशाला के मंदिर में मूर्ति की स्थापना की गई थी। धर्मशाला के प्रधान कृष्ण श्योकंद ने सभी बिरादरी के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
इस आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। देश के विभिन्न हिस्सों से समाज के लोग कुरुक्षेत्र पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम के बाद एक बैठक भी होगी, जिसमें समाज की प्रगति और युवाओं को परंपरा एवं संस्कृति से जोड़ने के उपायों पर चर्चा की जाएगी। बताया गया कि बैठक में युवा पीढ़ी के लिए नए सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।




