यमुनानगर। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत की एक क्विंटल 46 किलो 230 ग्राम डोडा चूरा पोस्त (भूक्की) बरामद करते हुए एक आरोपी को थार गाड़ी सहित गिरफ्तार किया है।
डीएसपी रजत गुलिया ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशों पर यमुनानगर पुलिस द्वारा नशे के कारोबार पर लगातार कड़ा प्रहार किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने यह कार्रवाई अमल में लाई, जिसे जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम की एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में उप निरीक्षक सतीश कुमार, जयपाल, मुख्य सिपाही पंकज, विमल और ललित शामिल थे। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने हथिनी कुंड बैराज क्षेत्र में नाकाबंदी की, जहां एक थार वाहन को रोका गया।
कार्रवाई के दौरान सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ ललित यादव को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में जब वाहन की तलाशी ली गई तो थार गाड़ी से भारी मात्रा में डोडा चूरा पोस्त (भूक्की) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान संजय खान पुत्र महमूद अली, निवासी बाता मंडी, पोंटा साहिब के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा सके।
एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा चूरा पोस्त कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।




