कुरुक्षेत्र, 10 अक्टूबर : डीएमसी अमन कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी ने युवाओं और आम नागरिकों में कानून के प्रति जागरूकता और न्यायिक प्रक्रियाओं को लेकर रुचि को बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में रोजाना 1800 से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं, जो इसका अवलोकन कर रहे हैं और इसकी सराहना कर रहे हैं।
अमन कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में संशोधित धाराओं, प्रक्रियात्मक दायित्वों और नागरिक अधिकारों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। विशेष रूप से फोरेंसिक और अपराध-प्रवर्तन से जुड़े स्टॉल्स ने विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि युवा पीढ़ी अब कानून और न्यायिक प्रक्रियाओं को लेकर अधिक जागरूक हो रही है।
यह प्रदर्शनी 3 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा उद्घाटित की गई थी। प्रारंभ में इसे 7 अक्टूबर तक चलाया जाना था, लेकिन जनसहभागिता को देखते हुए इसकी अवधि 11 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी गई है।
प्रदर्शनी में पलवल, नूह, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी, पंचकूला, कैथल, सिरसा, जींद और हिसार सहित कई जिलों से आए नागरिकों और छात्रों ने भाग लिया। राजनीतिक विज्ञान और कला संकाय के विद्यार्थियों ने विशेष रुचि दिखाई। कुरुक्षेत्र के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी की।
प्रदर्शनी में पुलिस, फॉरेंसिक, स्वास्थ्य, कारागार और अभियोजन विभागों के स्टॉल्स पर आगंतुकों ने गहराई से जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों से संवाद कर नए कानूनों की व्याख्या समझी। अमन कुमार ने कहा कि यह प्रदर्शनी न केवल सूचना देने का प्रभावी मंच बनी है, बल्कि कानून के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा दे रही है।



