Home » क्राइम » कुरुक्षेत्र में हथियारबंद साजिश का पर्दाफाश: इंग्लैंड से रची गई थी पुलिस थाने पर हमले की योजना

कुरुक्षेत्र में हथियारबंद साजिश का पर्दाफाश: इंग्लैंड से रची गई थी पुलिस थाने पर हमले की योजना

Picture of insightnews24

insightnews24

इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र/हरियाणा : हरियाणा पुलिस ने एक बड़े आतंकी षड्यंत्र का खुलासा किया है। कुरुक्षेत्र जिले में हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़े गए आरोपी गुरविंद्र और संदीप से पूछताछ में खुलासा हुआ कि इंग्लैंड और अमेरिका में बैठे अपराधियों ने कुरुक्षेत्र पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला करने की योजना बनाई थी। CIA-2 की टीम गुरुवार को आरोपियों को पंजाब लेकर गई, जहां उन्होंने ग्रेनेड छिपाने की जगह की निशानदेही करवाई।

सूत्रों के मुताबिक, इस गैंग के सरगना कुलबीर सिद्धू, जो यमुनानगर का रहने वाला है, ने इंग्लैंड में बैठकर पूरा प्लान तैयार किया था। सिद्धू ने अपने अमेरिकी साथी साहिल की मदद से हमला करवाने की तैयारी की थी। बताया जा रहा है कि सिद्धू का नाम पंजाब के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर 7 अप्रैल को हुए ग्रेनेड हमले में भी सामने आया था।

इस मामले में NIA पहले ही यूपी के अमरोहा निवासी सैदूल अमीन, कुरुक्षेत्र के अभिजोत जांगड़ा, और फरार चल रहे सरगना कुलबीर सिद्धू के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है। अब पुलिस ने गुरविंद्र, संदीप, कुलबीर सिद्धू और साहिल — चारों को आरोपी बनाया है। सिद्धू और साहिल अभी फरार हैं, जिन पर इनाम घोषित किया गया है।

पाकिस्तान से आया चाइना मेड ग्रेनेड

जांच में यह भी सामने आया है कि भाजपा नेता के घर और कुरुक्षेत्र में बरामद दोनों ग्रेनेड चाइना मेड थे और इन्हें पाकिस्तान से तस्करी के जरिए भारत लाया गया था।

दोस्त की बाइक से लाए ग्रेनेड

गुरविंद्र और संदीप ने लुधियाना-जालंधर के बीच से ग्रेनेड लाने के लिए अपने दोस्त की बाइक का इस्तेमाल किया। वे पटियाला से बाइक लेकर गए थे, जिसे वापसी में लौटा दिया गया। बाद में दोनों गुरविंद्र की बाइक (PB11DK 2672) से कुरुक्षेत्र लौटे, जहां रास्ते में CIA-2 की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

बरामद हथियार और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन

CIA-2 के इंचार्ज मोहन लाल के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों से एक हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा गोलियां बरामद की गईं। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ग्रेनेड को सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को विदेश से फोन कॉल आने वाले थे, जिसके बाद उन्हें अपना टारगेट अंजाम देना था। वहीं, उन्हें आगे और हथियार सप्लाई होने की भी जानकारी मिली है।

जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और फंडिंग के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स