हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक महिला अपने 1 साल के बच्चे के साथ सुसाइड करने के इरादे से ज्योतिसर नहर पर पहुंच गई। पति से हुई कहासुनी के बाद परेशान महिला बीती रात करीब 10 बजे नहर किनारे पहुंची। समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों ने महिला व उसके बच्चे को सुरक्षित बचाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
गीता महोत्सव घूमने आई थी महिला, बहन के घर से लौटते समय हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पूंडरी (जिला कैथल) की रहने वाली यह महिला 2 दिन पहले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव घूमने आई थी। इसके बाद वह अपनी बहन के घर लाडवा चली गई। लाडवा से वापस ससुराल जाने के लिए उसने अपने पति को फोन किया, लेकिन इसी दौरान दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई।
बस में भीड़ होने पर चढ़ नहीं पाई, पति बोला – “जैसे गई हो, वैसे ही लौट आओ”
पुलिस के मुताबिक, रात को महिला थर्ड गेट पर बस का इंतजार कर रही थी, लेकिन भीड़ ज्यादा होने की वजह से बस में चढ़ नहीं पाई। उसने अपने पति को फोन कर उसे लेने आने को कहा, लेकिन पति ने मना करते हुए कहा—“जैसे गई थी, वैसे ही वापस आओ।”
इस बात से नाराज महिला अपने बच्चे को गोद में लेकर पैदल ही फोन पर पति से बात करते हुए ज्योतिसर नहर की ओर चली गई।
ऑटो मिस्त्री ने सुनी बहस, गोताखोर को दी सूचना
ज्योतिसर के ऑटो रिपेयर मिस्त्री राजेश ने महिला की फोन पर हो रही बहस और मरने की धमकी सुनी। उसने तुरंत ज्योतिसर पुलिस चौकी और गोताखोर प्रगट सिंह को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे और महिला को समझाने की कोशिश की। कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने परिजनों को बुलाया, मां-बेटा सुरक्षित घर भेजे
चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि रात में ही महिला के परिजन चौकी पहुंच गए थे। पुलिस ने महिला और उसके बच्चे को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया।
महिला और परिजनों ने इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।



