इंसाइट न्यूज 24: रोहतक में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ एक 21 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रेलवे रोड निवासी जयदेव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जयदेव सुबह अपने घर से काम पर जाने के लिए काठ मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान खाटू श्याम मंदिर के पास तीन युवकों ने उसे घेर लिया और क्रिकेट मैच में इस्तेमाल होने वाले विकेट और बेल्स से उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जयदेव को गंभीर रूप से घायल करने के बाद मौके से फरार हो गए।
रक्त से लथपथ हालत में युवक को देखकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुँचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिवाजी नगर थाना क्षेत्र की रेलवे रोड पुलिस मौके पर पहुँची और जयदेव को सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल, पुलिस और सीआईए-वन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।




