इंसाइट न्यूज 24 : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में बुधवार, 15 अक्टूबर को धान खरीद को लेकर चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया जब भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) राजेश कुमार को थप्पड़ मार दिया। यह घटना लघु सचिवालय परिसर में उस समय हुई जब चढूनी किसानों के साथ धरना देने पहुंचे थे।
क्या है पूरा मामला?
गुरनाम सिंह चढूनी मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लेकर लघु सचिवालय पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों की धान नहीं खरीद रहा है और भ्रष्टाचार व भेदभाव कर रहा है। उन्होंने DFSC पर आरोप लगाया कि उनकी आढ़त की दुकान और खुद की धान के उठान के लिए RO जारी नहीं किया गया।
विवाद के बाद गिरफ्तारी
विवाद बढ़ने पर पुलिस ने चढूनी समेत 20 किसानों को हिरासत में लेकर झांसा थाने भेज दिया। इसके बाद किसानों ने थाने के बाहर इकट्ठा होने की कॉल दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
भाकियू पिहोवा का समर्थन
घटना के बाद भाकियू पिहोवा ने चढूनी को समर्थन दिया। प्रवक्ता प्रिंस वडैच ने आरोप लगाया कि अधिकारी किसानों की सुनवाई नहीं कर रहे हैं और धान में नमी के नाम पर कट लगाकर किसानों को लूटा जा रहा है।
“सेटिंग का खेल” और उठान में रुकावट
किसान नेताओं का कहना है कि कई जगहों पर अभी भी धान का उठान रुका हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नमी के नाम पर “सेटिंग का खेल” चल रहा है और शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
स्थिति पर नजर
पुलिस और प्रशासन ने लघु सचिवालय और झांसा थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। किसान संगठनों की मांग है कि धान की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए।




