Home » लेटेस्ट न्यूज़ » गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: खड़े कैंटर से टकराई स्कूटी, युवक-युवती की मौत; महिला मित्र ICU में भर्ती

गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: खड़े कैंटर से टकराई स्कूटी, युवक-युवती की मौत; महिला मित्र ICU में भर्ती

Picture of insightnews24

insightnews24

गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक और युवती की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के प्रत्यक्षदर्शी सेक्टर-106 के बाबूपुर गांव निवासी रियल एस्टेट कारोबारी पंकज स्वामी ने पुलिस को बताया कि वह रविवार शाम सेक्टर-83 स्थित एक मॉल से काम खत्म करके कार से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे बीपीटीपी सोसाइटी के पास फ्लाईओवर पर उन्होंने अपने आगे एक स्कूटी को जाते देखा।

स्कूटी पर एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। बताया गया कि फ्लाईओवर पर सड़क के बीच एक कैंटर खड़ा था। अंधेरा होने के कारण स्कूटी चालक को सड़क पर खड़ा कैंटर समय रहते दिखाई नहीं दिया और स्कूटी पीछे से उसमें जा भिड़ी।

कैंटर के पीछे सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक कैंटर के आसपास रिफ्लेक्टर, चेतावनी कोन या इमरजेंसी लाइट जैसे सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। इसी वजह से वाहन अंधेरे में स्पष्ट नजर नहीं आ रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार सड़क पर जा गिरे।

हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

अस्पताल में युवक और युवती ने तोड़ा दम

घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया। स्कूटी चला रहे लक्ष्य गहलोत को वाइब्रेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वहीं, निधि को पालम विहार स्थित मनिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दोनों मृतक दिल्ली के रहने वाले बताए गए हैं।

हादसे में घायल तीसरी युवती अंकिता कुमारी का मनिपाल अस्पताल के ICU में उपचार चल रहा है। डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं।

कैंटर चालक की तलाश में पुलिस

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर कैंटर को कथित तौर पर बिना पर्याप्त सुरक्षा संकेतों के सड़क पर खड़ा करने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, जिससे कैंटर चालक की पहचान की जा सके।

पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कैंटर चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स