रोहतक में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब कांग्रेस विधायक के कार्यालय पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार्यालय के शीशे वाले दरवाजों पर कई गोलियां लगीं, जिनमें से दो गोलियां कांच को भेदते हुए अंदर चली गईं, जबकि दो अन्य दरवाजों में ही फंस गईं। घटना के समय कार्यालय में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।




