नूंह।
दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर नूंह जिले के भांकड़ोजी गांव के पास मंगलवार को एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई।
जानकारी के अनुसार स्लीपर बस सोमवार देर रात दिल्ली से राजस्थान के भीलवाड़ा के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस एक्सप्रेसवे पर भांकड़ोजी गांव के नजदीक पहुंची, चालक को झपकी आ गई और बस नियंत्रण से बाहर होकर पलट गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे अचानक अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बस से बाहर निकालकर राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नूंह जिला अस्पताल मांडीखेड़ा पहुंचाया गया, जबकि कुछ घायलों को फिरोजपुर झिरका के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में भर्ती घायलों में निशा (विजयनगर, दिल्ली), राहुल (नौलखा द्वारका कॉलोनी, राजस्थान), अतुल (कारवाल नगर, दिल्ली), कन्हैया लाल (उदयपुर), धीरज (औरंगाबाद, पलवल) और रीना (सुंदर नगर, उदयपुर) शामिल हैं। वहीं दिल्ली निवासी सचिन और पृथ्वी को गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।
फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि प्राथमिक जांच में चालक को नींद आने की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजहों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




