कुरुक्षेत्र।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में शाहाबाद–ठोल रोड पर मंदहेड़ी गांव के पास एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह के समय सड़क किनारे झाड़ियों में खून से सना शव पड़ा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शव देखते ही पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही डीएसपी निर्मल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
धारदार हथियार से गर्दन और पेट पर हमला
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से व्यक्ति की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या की। मृतक के पेट पर भी तेजधार हथियार के निशान मिले हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गए।
शव की पहचान नहीं, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसने नीली जैकेट, टी-शर्ट और सफेद रंग की पैंट पहन रखी थी। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी निर्मल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की गहन जांच जारी है।




