Home » लेटेस्ट न्यूज़ » गांव थाना के ब्रह्मसरोवर को पर्यटन व धार्मिक केंद्र के रूप में किया जाएगा विकसित : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा

गांव थाना के ब्रह्मसरोवर को पर्यटन व धार्मिक केंद्र के रूप में किया जाएगा विकसित : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा

Picture of insightnews24

insightnews24

पिहोवा, 31 दिसंबर।
कुरुक्षेत्र जिले के गांव थाना स्थित ऐतिहासिक ब्रह्मसरोवर को पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से विकसित किया जाएगा। यह बात उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने गांव थाना में आयोजित जिला प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यह स्थल न केवल महाभारत काल से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं का प्रतीक है, बल्कि सर्दियों में यहां विदेशी पक्षियों का आगमन भी होता है, जिससे पर्यटन की व्यापक संभावनाएं बनती हैं।

रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों की कुल 128 शिकायतें सुनीं। अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निपटारे के लिए संबंधित विभागों को 10 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई। कार्यक्रम में सरपंच प्रियंका देवी ने ग्राम पंचायत की ओर से उपायुक्त का स्वागत किया। उपायुक्त ने ग्रामीणों को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।

अनाज मंडी सब-यार्ड, पीएचसी व खेल स्टेडियम के लिए होगा संयुक्त निरीक्षण

उपायुक्त ने एसडीएम पिहोवा को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव में अनाज मंडी के सब-यार्ड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की नई बिल्डिंग और युवाओं के लिए खेल स्टेडियम के निर्माण को लेकर स्थल निरीक्षण करें। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपी जाएगी, ताकि गांव के विकास से जुड़े निर्णय लिए जा सकें।

रात्रि ठहराव से मिल रही योजनाओं की सीधी जानकारी

उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह एक गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस दौरान सभी विभाग मौके पर पहुंचकर अपनी योजनाओं की जानकारी देते हैं और पात्र लोगों के आवेदन लेकर उन्हें लाभ प्रदान करते हैं। जिन शिकायतों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव नहीं होता, उनकी रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी जाती है ताकि नीति स्तर पर निर्णय लिया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को लघु सचिवालय व उपमंडल कार्यालयों में समाधान शिविर लगाए जाते हैं, जहां नागरिक सुबह 10 से 12 बजे तक अपनी समस्याएं रख सकते हैं।

स्वास्थ्य व सामाजिक सेवाओं का भी लाभ

रात्रि ठहराव के दौरान परिवार पहचान पत्र से जुड़ी करीब 40 शिकायतें और पेंशन विभाग की 22 शिकायतें दर्ज की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने 115 से अधिक ग्रामीणों की बीपी, शुगर और रक्त जांच की, जबकि आयुष विभाग ने लगभग 98 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जरूरतमंदों को मौके पर ही नि:शुल्क दवाइयां दी गईं।

एग्री स्टैक से किसानों को मिलेगी सहूलियत

उपायुक्त ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिए एग्री स्टैक आईडी बनाए जाने हेतु शिविर लगाए जा रहे हैं। इस आईडी से किसानों का पूरा डाटा एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा, जिससे फसल बिक्री, खाद-बीज, दवा और सरकारी लाभ लेने में आसानी होगी।

रेडक्रॉस की ओर से उपकरण वितरित

रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से पांच जरूरतमंद ग्रामीणों को व्हीलचेयर, कान की मशीन, घुटनों और कमर की बेल्ट नि:शुल्क वितरित की गईं। उपायुक्त ने बताया कि जो वरिष्ठ नागरिक इस सुविधा से वंचित रह गए हैं, उनके लिए जल्द ही गांव थाना में विशेष जांच शिविर लगाया जाएगा।

अधिक शिकायत वाले विभाग लगाएंगे गांव-गांव शिविर

उपायुक्त ने कहा कि जिन विभागों की शिकायतें अधिक सामने आई हैं, वे आत्ममंथन करें और अब गांव-गांव जाकर शिविर लगाएं। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में परिवार पहचान पत्र, बिजली, पेंशन, बीपीएल राशन कार्ड और पंचायती राज विभाग से जुड़ी शिकायतें अधिक रही हैं।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम पिहोवा अनिल दून, डीएसपी निर्मल सिंह, जिला पार्षद, सरपंच, समाजसेवी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स