हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र से जुड़े एक यात्री द्वारा विमान के भीतर अनुशासन भंग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में सफर के दौरान यात्री ने नशे की हालत में क्रू मेंबरों और सहयात्रियों के साथ अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद मामला मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस के पास पहुंचा।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:15 बजे इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6002 में यह विवाद हुआ। इंदौर के एरोड्रम थाना पुलिस ने एयरपोर्ट पर तैनात कर्मचारी शरीफ कुरैशी की शिकायत पर हिसार निवासी सुनील कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सुनील पेशे से एनएचएआई से जुड़े ठेकेदार बताए जा रहे हैं।
सीट नंबर 29A से शुरू हुआ विवाद
शिकायत में बताया गया कि विमान के उड़ान भरने से पहले सीट नंबर 29A पर बैठे यात्री द्वारा लगातार हंगामा किया जा रहा था। क्रू मेंबर याशी सांगवान और रिया आर्या ने इस व्यवहार की जानकारी सुरक्षा स्टाफ को दी, जिसके बाद वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे।
फ्लाइट देरी बनी विवाद की वजह
सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, यात्री फ्लाइट के लगभग दो घंटे विलंब से चलने को लेकर नाराज था और बातचीत के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने लगा। आरोप है कि उसने क्रू मेंबरों के साथ दुर्व्यवहार किया और चेतावनी देने पर भी शांत नहीं हुआ।
धमकी और सुरक्षा को खतरा
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि यात्री ने जान से मारने की धमकी दी और गुस्से में इमरजेंसी दरवाजा खोलने का प्रयास किया। हालात को देखते हुए सुरक्षा कारणों से यात्री को विमान से उतारकर सीधे एरोड्रम थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। बाद में उसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
यात्री ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं, सुनील कुमार ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने केवल फ्लाइट में हो रही देरी का कारण जानना चाहा था। सुनील के मुताबिक, इंदौर से हिसार जाने वाली फ्लाइट पहले आधे घंटे और फिर दो घंटे लेट होने की सूचना दी गई थी।
उनका दावा है कि उन्होंने न तो शराब का सेवन किया था और न ही किसी से बदसलूकी। सुनील का कहना है कि एयरलाइन स्टाफ को आशंका थी कि देरी को लेकर अन्य यात्री भी सवाल न करने लगें, इसी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।




