फतेहाबाद।
सांसद खेल महोत्सव के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना क्षेत्र स्थित गांव डांगरा के युवा बॉक्सिंग खिलाड़ी नीरज से संवाद किया। गांव समैन के खेल स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री और नीरज के बीच यह प्रेरक बातचीत हुई।
गांव डांगरा निवासी नेशनल लेवल मेडलिस्ट बॉक्सर नीरज के पिता बलवान सिंह को-ऑपरेटिव सोसाइटी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। संवाद की शुरुआत प्रधानमंत्री ने “राम-राम” कहकर की। हालचाल पूछने पर माहौल सहज हो गया और बातचीत आगे बढ़ी।
प्रधानमंत्री ने नीरज से पूछा कि क्या वह खेल को ही अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। इस पर नीरज ने कहा कि उनका लक्ष्य देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा का उल्लेख करते हुए युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।
दुनिया के दिग्गज बॉक्सरों से लेते हैं सीख
पीएम मोदी ने सवाल किया कि क्या नीरज अंतरराष्ट्रीय बॉक्सरों के मुकाबले देखते हैं। नीरज ने बताया कि वह देश और विदेश के कई शीर्ष बॉक्सरों की फाइट देखते हैं और उनसे सीख लेते हैं। मोबाइल देखने को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में हुई बातचीत ने माहौल को और सहज बना दिया।
सांसद खेल महोत्सव से खिलाड़ियों को मिला बड़ा मंच
प्रधानमंत्री के सवाल पर नीरज ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव में खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के नेतृत्व में आयोजन को मजबूत रूप दिया गया, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करने की इच्छा
प्रधानमंत्री ने कहा कि क्या यह माना जाए कि हरियाणा से एक और बॉक्सर देश को मेडल दिलाने की ओर बढ़ रहा है। इस पर नीरज ने विश्वास जताया कि वह आने वाले ओलंपिक में पदक जीतकर देश और प्रधानमंत्री को समर्पित करना चाहते हैं।
पीएम मोदी ने नीरज को सलाह दी कि वे किसी भी तरह का दबाव न लें और पूरे मन से अभ्यास करते रहें। उन्होंने कहा कि खेल में मेहनत और निरंतरता सबसे अहम है। चिंता सरकार की जिम्मेदारी है, जबकि खिलाड़ी को सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में हार नहीं होती, सिर्फ जीत या सीख मिलती है।
सिरसा लोकसभा क्षेत्र रहा टॉप-टेन में
सांसद खेल महोत्सव में सिरसा लोकसभा क्षेत्र टॉप-टेन में शामिल रहा। सांसद सुभाष बराला के नेतृत्व में गांव स्तर से लेकर विधानसभा और लोकसभा स्तर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस आयोजन में करीब 45 हजार खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया।




