Home » लेटेस्ट न्यूज़ » रूस में फँसे भारतीय युवाओं की सुरक्षित वापसी की मांग, विदेश राज्य मंत्री से मिले सांसद दीपेन्द्र हुड्डा

रूस में फँसे भारतीय युवाओं की सुरक्षित वापसी की मांग, विदेश राज्य मंत्री से मिले सांसद दीपेन्द्र हुड्डा

Picture of insightnews24

insightnews24

चंडीगढ़, 18 दिसंबर। रूस में फँसे भारतीय युवाओं की सुरक्षित वतन वापसी की मांग को लेकर सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जबरन रूसी सेना में शामिल किए गए भारतीय छात्रों और अन्य नागरिकों की सुरक्षित वापसी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सांसद ने विदेश राज्य मंत्री को इस संबंध में एक पत्र सौंपते हुए रूस में फँसे भारतीय युवाओं की सूची भी प्रदान की।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने विदेश मंत्रालय से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने और रूसी सरकार से उच्च स्तर पर बातचीत कर सभी भारतीय नागरिकों की शीघ्र व सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की। इस पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने हर संभव प्रयास कर सभी भारतीयों की सुरक्षित वापसी का आश्वासन दिया।

दीपेन्द्र हुड्डा ने बताया कि पढ़ाई के लिए छात्र वीज़ा पर रूस गए कई भारतीय युवाओं को कथित रूप से बहला-फुसलाकर रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया और उन्हें यूक्रेन सीमा के पास युद्धक्षेत्र में भेज दिया गया। उन्होंने चिंता जताई कि इनमें से कई युवाओं के लापता होने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे उनके परिजन गहरे भय और मानसिक तनाव में हैं।

उन्होंने कहा कि यह मामला भारत की विदेश नीति, कूटनीतिक प्रभाव और नागरिकों की सुरक्षा से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। सरकार का दायित्व है कि वह विपरीत परिस्थितियों में अपने नागरिकों को असहाय न छोड़े। सांसद ने यह भी बताया कि कुछ युवाओं को विदेशों में बंधक बना लिया गया है, जबकि कुछ को एजेंटों ने धोखे से विदेशी सेना में भर्ती करवा दिया। कई मामलों में महीनों से युवाओं का अपने परिवारों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग की कि इस गंभीर मुद्दे को शीर्ष प्राथमिकता पर लेते हुए कूटनीतिक माध्यमों से सभी प्रभावित भारतीय नागरिकों, विशेषकर रूस में फँसे छात्रों की सुरक्षित और शीघ्र वतन वापसी सुनिश्चित की जाए।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स