झज्जर जिले के बहादुरगढ़ स्थित एमआईई पार्ट-ए औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक जूता निर्माण इकाई में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कोढ़ी आश्रम के पास स्थित फैक्ट्री से उठती आग की लपटों और काले धुएं ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, एमआईई पार्ट-ए के प्लॉट नंबर 36 पर स्थित एस.एस.आर.ए. इंटरप्राइजेज नामक फैक्ट्री में सुबह करीब साढ़े छह बजे आग लगी। फैक्ट्री में जूते बनाने का काम होता है और वहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल, प्लास्टिक ग्रेन्यूल और रबर मौजूद था, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की गंभीरता को देखते हुए बहादुरगढ़ के साथ-साथ रोहतक, झज्जर, सोनीपत और दिल्ली से भी दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। करीब एक दर्जन से अधिक फायर टेंडर आग पर काबू पाने में जुटे रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, मशीनें और तैयार माल कुछ ही देर में जलकर खाक हो गया। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास मौजूद लोगों को दूर हटाया गया और पास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी सतर्क कर दिया गया।
फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और दमकल विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं। आग से भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।




