रोहतक, रविवार। रोहतक जिले के महम क्षेत्र में एनएच-152डी के कट पर रविवार सुबह घने कोहरे के चलते एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार कई लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद करीब 35 से 40 अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए। सूचना मिलते ही महम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। शवों को निकालने के लिए कार के दरवाजों को काटना पड़ रहा है। फिलहाल हादसे में मरने वालों की संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।




