कुरुक्षेत्र/बरेली : कुरुक्षेत्र जिला पुलिस में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) रण सिंह को उत्तर प्रदेश पुलिस ने अफीम तस्करी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। रण सिंह के साथ तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया है। इस कार्रवाई से हरियाणा पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
बरेली में चेकिंग के दौरान दबोचा गया गिरोह
8 अक्टूबर को बरेली के सिरौली कस्बे में चौराहे पर चेकिंग के दौरान यूपी पुलिस ने हरियाणा नंबर की क्रेटा कार को रोकने की कोशिश की। ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, लेकिन कल्याणपुर तिराहे पर पुलिस ने उसे घेर लिया।
कार से मिली अफीम और नकदी
पुलिस ने कार में सवार रण सिंह (ललैज गांव, करनाल), मेहरबान (ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र), मोहम्मद हसन और योगेश कुमार (बरसालू, करनाल) को गिरफ्तार किया। तलाशी में 360 ग्राम अफीम, 6 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण और ₹51,000 नकद बरामद हुए।
हरियाणा में होती थी अफीम की सप्लाई
बरेली पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह यूपी से अफीम खरीदकर हरियाणा में सप्लाई करता था। रण सिंह कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र की ज्योतिसर चौकी में ASI के पद पर तैनात था। फिलहाल हरियाणा पुलिस की ओर से रण सिंह पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पहले भी रह चुके हैं विवादों में
सूत्रों के अनुसार, रण सिंह को छह महीने पहले पुलिस लाइन से ज्योतिसर चौकी भेजा गया था। इससे पहले वह शाहाबाद चौकी में तैनात थे, जहां बिना सूचना के गायब रहने पर उन्हें लाइन हाजिर किया गया था।
चारों आरोपी जेल भेजे गए
कोर्ट के आदेश पर चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और हरियाणा पुलिस पर भी कार्रवाई के दबाव बढ़ रहा है।




