इंसाइट न्यूज 24 : कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में धंतौड़ी पुल के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें चौकीदार बलदेव सिंह (52) की मौत हो गई। बलदेव अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक के पीछे टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, बलदेव सिंह दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर धंतौड़ी के पास एक ढाबे पर चौकीदारी करते थे और नाइट ड्यूटी खत्म करके सुबह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जोरदार टक्कर के बाद बलदेव सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और मौके पर बेहोश हो गए। राहगीरों ने सूचना देकर उन्हें सीएचसी शाहाबाद पहुँचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।




