इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 2 सितम्बर : समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दो छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। समाजशास्त्र विभाग के हर्ष कुमार और लोक प्रशासन विभाग के मीनाक्षी कांत को जयपुर में आयोजित समारोह में नेशनल सोशल आइकॉन अवॉर्ड से नवाजा गया।
यह सम्मान यूथ सोशल ग्रुप फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी और सांसद श्रीमती मंजू शर्मा ने प्रदान किया। देशभर से चुने गए 15 समाजसेवियों में इन दोनों छात्रों का नाम शामिल होना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय बना।
कुलपति की शुभकामनाएं
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने और इन छात्रों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय परिवार की प्रतिक्रिया
इस उपलब्धि पर कुलसचिव लेफ्टिनेंट डॉ. वीरेंद्र पाल, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए. आर. चौधरी, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. आनंद कुमार, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील ढुल, लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि माथुर ने भी छात्रों को बधाई दी।




