इंसाइट न्यूज 24, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्तों के साथ बारिश और बाढ़ की स्थिति पर अहम बैठक की। उन्होंने जिला प्रशासन को सतर्क रहने और नागरिकों व पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं, वहाँ सभी विद्यालय पूर्णतः बंद रहें—यह प्रशासन सुनिश्चित करे। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि पंजाब से हरियाणा में आ रहे बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए ठहरने, भोजन और पशुओं के चारे की तत्काल व्यवस्था की जाए।
मुख्य निर्देशों की झलक:
• स्कूल बंदी के आदेशों का सख्ती से पालन
• नदियों के जलस्तर और जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी
• स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा जाए, अस्पतालों व मेडिकल टीमों की तैयारी सुनिश्चित
• पशुपालन विभाग को चारा, दवाइयाँ और टीकाकरण की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
• हरियाणा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (HDRF) को अलर्ट पर रखा जाए
• शहरी सफाई और वर्षा जल निकासी के लिए पम्पिंग सेट्स की पर्याप्त उपलब्धता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहकर हालात पर नजर रखें और पंचायत प्रतिनिधियों, रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों व सिविल सोसाइटी को राहत कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल करें।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




