इंसाइट न्यूज 24, गुरुग्राम : गुरुग्राम में बीती रात से हो रही लगातार तेज़ बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए और बारिश की चेतावनी दी है।
इसी हालात को देखते हुए गुरुग्राम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आज के लिए खास दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें कंपनियों और दफ़्तरों से अपील की गई है कि वे अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें, ताकि लोग बिना वजह सड़कों पर निकलकर परेशानी और खतरे का सामना न करें।
इसके साथ ही, स्कूलों को भी बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन क्लास चलाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा कि स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है और जरुरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत दल भी तैनात किए जाएंगे।
गुरुग्राम के नागरिकों से अपील की गई है कि वे ज़रूरी कामों को छोड़कर घरों से बाहर न निकलें, और आपात स्थिति में ही बाहर जाने पर सावधानी बरतें।




