हिसार के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में चर्चित हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ एक प्रशंसक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि एक कार्यक्रम के दौरान गायक ने प्रशंसक के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मुल्तानी चौक निवासी रिंकू ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि वह 31 दिसंबर 2025 की रात अपने परिवार के साथ तोशाम रोड स्थित ट्यूलिप रिसॉर्ट में आयोजित भजन संध्या व सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इस कार्यक्रम का आयोजन इवेंट ऑर्गेनाइजर सजल जैन द्वारा किया गया था और इसमें टिकट व्यवस्था भी की गई थी, इसके बावजूद कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ उमड़ी हुई थी।
शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब कलाकार लौट रहे थे, तभी प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया। इसी दौरान रिंकू ने मासूम शर्मा के साथ एक फोटो लेने के लिए अपना आईफोन निकाला। आरोप है कि इस पर गायक नाराज़ हो गए और कथित तौर पर फोन छीनकर जमीन पर दे मारा, जिससे फोन टूट गया।
रिंकू का यह भी कहना है कि फोन क्षतिग्रस्त करने के बाद गायक ने उनके साथ अपशब्दों का प्रयोग किया और बदसलूकी की। पीड़ित के अनुसार, वहां मौजूद कुछ यूट्यूबर्स ने जब इस घटना पर आपत्ति जताई तो इवेंट ऑर्गेनाइजर ने मामला शांत कराने की कोशिश की और फोन ठीक करवाने का भरोसा दिलाते हुए पुलिस कार्रवाई से बचने का दबाव बनाया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में न तो मोबाइल ठीक कराया गया और न ही नुकसान की भरपाई की गई। इसके बाद उन्होंने आज़ाद नगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर गायक मासूम शर्मा और इवेंट ऑर्गेनाइजर सजल जैन के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की है।
पहले भी विवादों में रहे हैं गायक
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी मासूम शर्मा पर इस तरह के आरोप सामने आ चुके हैं। 22 मार्च को गुरुग्राम में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान एक युवक ने गायक पर मंच पर अपमानजनक व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया था। उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।
फिलहाल, पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।




