हिसार (हरियाणा): अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के अपहरण और उसे अनैतिक कार्यों में धकेलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 8 सितंबर से लापता है और अब तक पुलिस की जांच में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
परिवार का कहना है कि उन्होंने 9 नवंबर को एफआईआर दर्ज करवाई थी, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी जांच अधिकारी ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पीड़ित पक्ष ने अब कानूनी मदद लेते हुए अदालत का दरवाज़ा खटखटाया है।
आरोपियों पर गंभीर आरोप
शिकायत में मुख्य आरोपी अमन, उसके पिता लालचंद और भाई बिटू पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। परिवार का दावा है कि आरोपियों ने छात्रा के बैंक खाते से गोरखपुर में पैसे निकाले और उसे देह व्यापार में बेचने की बात भी स्वीकार की। आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उनकी पहुंच बड़े नेताओं और पुलिस अधिकारियों तक है।
पुलिस पर पक्षपात का आरोप
पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जांच अधिकारी ने उन्हें थाने बुलाकर आरोपियों के सामने ही अपमानित किया और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। परिवार का कहना है कि उन्हें धमकियां दी जा रही हैं कि अगर समझौता नहीं किया तो झूठे केस में फंसाकर उम्रकैद करवा दी जाएगी।
SHO का बयान
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच अधिकारी से बात कर मामले की समीक्षा की जाएगी।
परिवार की मांग
लाचार पिता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से करवाई जाए ताकि उनकी बेटी को सुरक्षित वापस लाया जा सके और दोषियों को सज़ा दिलाई जा सके।




