हिसार | हरियाणा
हिसार जिले के गांधी चौक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ज्वेलरी कारोबारी ने अपनी दुकान के भीतर खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय कपिल सोनी के रूप में हुई है। वह गांधी चौक पर ज्वेलरी की दुकान संचालित करता था और परिवार का इकलौता बेटा था। रोज की तरह मंगलवार सुबह भी वह दुकान खोलने पहुंचा था। दोपहर करीब एक बजे वह दुकान के अंदर गया और लाइसेंसी पिस्तौल से अपने पेट में गोली चला ली।
गोली की आवाज से मचा हड़कंप
घटना के वक्त कपिल के पिता भगत सोनी दुकान के बाहर बैठे हुए थे। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर डीएसपी शारदा और सिटी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली पेट में लगी थी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
परिवार का हाल
कपिल सोनी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटे हैं। उसकी दुकान गांधी चौक में स्थित है, जबकि उसका परिवार हिसार के ऋषि नगर इलाके में रहता है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




