जींद।
हरियाणा में जल्द ही जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ती नजर आएगी। रेलवे ने इस आधुनिक ट्रेन का किराया तय कर दिया है। जींद जंक्शन से शुरुआती दो स्टेशनों तक यात्रा के लिए यात्रियों को सिर्फ 5 रुपये चुकाने होंगे, जबकि जींद से सोनीपत तक एकतरफा किराया 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
एक घंटे में तय होगा सफर
अब तक जींद से सोनीपत तक ट्रेन से पहुंचने में दो घंटे से अधिक का समय लगता था, लेकिन हाइड्रोजन ट्रेन यह दूरी लगभग एक घंटे में पूरी करेगी। यह ट्रेन सीमित स्टॉपेज के साथ चलेगी और रास्ते में केवल छह से सात प्रमुख स्टेशनों पर ही रुकेगी। रेलवे इसके संचालन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
26 जनवरी से पहले शुरू होने की संभावना
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस ट्रेन को 26 जनवरी से पहले पटरी पर उतारने की योजना है। 20 या 21 जनवरी को इसके संचालन की शुरुआत हो सकती है, हालांकि आधिकारिक तारीख पर अभी मुहर नहीं लगी है। इस नई तकनीक वाली ट्रेन को लेकर यात्रियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
मेक इन इंडिया की मिसाल
हाइड्रोजन ट्रेन ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में बनाई गई है। 10 कोच की इस ट्रेन में एक बार में करीब 2500 यात्री सफर कर सकेंगे। इसकी कुल शक्ति क्षमता 2400 किलोवाट है, जिसमें 1200 हॉर्स पावर की दो पावर कार शामिल हैं। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
ईंधन की बचत, तकनीक में नया कदम
यह ट्रेन 360 किलो हाइड्रोजन से करीब 180 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। तुलना करें तो जहां डीजल ट्रेन को समान दूरी के लिए लगभग 4.5 लीटर ईंधन की जरूरत पड़ती है, वहीं हाइड्रोजन ट्रेन केवल 2 किलो हाइड्रोजन में उतनी ही दूरी तय करने में सक्षम है।
पर्यावरण के लिए वरदान
हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित यह ट्रेन पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है। इसके संचालन से कार्बन उत्सर्जन नहीं होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाले चुनिंदा देशों में शामिल होकर दुनिया का आठवां देश बन गया है।
रेलवे की ओर से जानकारी
जींद रेलवे स्टेशन के अधीक्षक (व्यवसायिक) धीरज बुटानी ने बताया कि फिलहाल हाइड्रोजन ट्रेन का बीट चार्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन इसके किराए डीएमयू ट्रेनों के समान रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सीमित स्टेशनों पर ठहरते हुए यात्रियों को मात्र एक घंटे में सोनीपत पहुंचाएगी।




