हरियाणा सरकार द्वारा विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन अधिनियम-2025 को मजबूती के साथ ज़मीन पर लागू किया जा रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में यह कानून ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और लोगों की आजीविका को सुरक्षित करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
मंत्री ने बताया कि इस अधिनियम के तहत ग्रामीण मजदूरों को सुनिश्चित रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। योजना का उद्देश्य केवल रोजगार देना ही नहीं, बल्कि पारदर्शी भुगतान, निगरानी व्यवस्था और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि मजदूरों को समय पर मेहनताना मिले और कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता न हो। इसके लिए तकनीक आधारित निगरानी और प्रशासनिक स्तर पर नियमित समीक्षा की जा रही है।
श्याम सिंह राणा ने यह भी कहा कि यह कानून ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने, पलायन रोकने और आत्मनिर्भर गांवों की परिकल्पना को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा। सरकार का लक्ष्य है कि इस मिशन के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया जाए।




