इंसाइट न्यूज 24 : हरियाणा सरकार ने राज्य को रक्षा और एयरोस्पेस निर्माण का हब बनाने के लिए नई नीति की शुरुआत की है। इस नीति के तहत हिसार में लगभग 2,988 एकड़ भूमि पर “हिसार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC)” स्थापित किया जाएगा, जिसकी लागत करीब ₹4,679.56 करोड़ आंकी गई है।
सरकार का दावा है कि इस परियोजना से आने वाले पाँच वर्षों में करीब 25,000 युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही, यहाँ अनुसंधान एवं विकास (R&D) केंद्र, कौशल प्रशिक्षण संस्थान और आधुनिक उत्पादन इकाइयाँ भी तैयार की जाएँगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नीति न केवल राज्य की आर्थिक वृद्धि को नई दिशा देगी, बल्कि हरियाणा को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को हाई-टेक्नोलॉजी आधारित नौकरियों में अवसर मिलने की संभावना है।




