नूंह, हरियाणा।
हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव महू चोपड़ा के पास दिल्ली की ओर आ रही तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो गई और कई पलटियां खाकर रोड के बीच बने ग्रीन बेल्ट में जा फंसी। कार में सवार पूरा परिवार उसमें फंस गया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत और त्वरित कार्रवाई दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कार ने कई पलटियां खाईं और ग्रीन बेल्ट में रुकी
जानकारी के अनुसार, कार जयपुर की ओर जा रही थी और उसमें पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। ड्राइवर कार चला रहा था। महू चोपड़ा के पास पहुंचते ही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और कई पलटियां खाकर ग्रीन बेल्ट में जा फंसी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे का कारण कार का टायर फटना हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने किया बचाव, ड्राइवर हुआ बेहोश
हादसे के तुरंत बाद सड़क किनारे खड़े स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच कार के पास जाकर फंसे परिवार को बाहर निकाला। ड्राइवर हादसे के डर से बेहोश हो गया था, लेकिन लोगों की मदद से सभी सुरक्षित बाहर आए।
कार में चीख-पुकार मची थी
कार में आगे एक महिला और पीछे एक बुजुर्ग महिला व एक बच्ची बैठी थीं। कुल पांच सदस्य—मां, बेटे, बहू और दो बेटियां—सवार थे। हादसे के समय कार में चीख-पुकार मची थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी पिलाकर और धैर्यपूर्वक बाहर निकाला। हादसे में सभी को मामूली चोटें आईं; कोई गंभीर चोट नहीं लगी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस हादसे की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




