कुरुक्षेत्र, 25 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र का दौरा किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने ज्योतिसर अनुभव केंद्र का लोकार्पण किया और पंचजन्य शंख स्मारक का शुभारंभ किया। अनुभव केंद्र का अवलोकन करते हुए पीएम मोदी ने महाभारत से जुड़ी कहानियों को भी देखा।
प्रधानमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और इसी दौरान महान सिख गुरु को समर्पित एक विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया।
इसके बाद वे शहीदी दिवस पर आयोजित समागम में पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर गुरु ग्रंथ साहिब मंच से लगभग ढाई फुट ऊंचाई पर स्थापित थे, जबकि प्रधानमंत्री मोदी जमीन पर बैठकर श्रद्धा प्रकट करते नजर आए। समागम में पटियाला से आई लगभग 350 बच्चियों ने कीर्तन प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक बना दिया।




