कुरुक्षेत्र में टीबी रोगियों को वितरित की गई पोषाहार किट, निक्षय मित्र एप पर मदद का आह्वान
कुरुक्षेत्र, 17 अक्टूबर : हरियाणा को टीबी मुक्त बनाने के मिशन में सामाजिक सहयोग और जनजागरूकता को अहम बताते हुए फिनिक्स क्लब कुरुक्षेत्र ने जिला रेडक्रॉस भवन में टीबी रोगियों को पोषाहार किट वितरित की। क्लब अध्यक्ष डॉ. राजेश वधवा ने कहा कि निरंतर दवा सेवन और पौष्टिक आहार से टीबी को हराया जा सकता है। उन्होंने रेडक्रॉस की मानव सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए सामाजिक संस्थाओं से जुड़ने का आह्वान किया।
महिला विंग की प्रधान सोनिका वधवा ने जानकारी दी कि क्लब आगामी दिनों में रेडक्रॉस के साथ मिलकर टीबी उन्मूलन के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाएगा।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी सचिव सुनील कुमार ने बताया कि उपायुक्त एवं चेयरमैन विश्राम कुमार मीणा के मार्गदर्शन में आर्थिक रूप से कमजोर क्षय रोगियों को पोषाहार किट दी जा रही है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से ऐसे रोगियों को गोद लेने की अपील की।
टीबी कोऑर्डिनेटर अंजलि ने फिनिक्स क्लब का आभार जताते हुए बताया कि कोई भी संस्था या ग्राम पंचायत निक्षय मित्र एप पर पंजीकरण कर टीबी रोगियों की मदद कर सकती है। रेडक्रॉस द्वारा स्क्रीनिंग कैंप लगाकर रोगियों की पहचान की जा रही है और जरूरतमंदों को राशन किट दी जा रही है।
इस अवसर पर क्लब सचिव दिनेश छाबड़ा, डॉक्टर नीरज झांब, अनिल सिंगला, देवेन भाटिया, महिला विंग की सचिव आशी जसूजा, आशी ऐलावादी, रेडक्रॉस से ओमप्रकाश, वालंटियर जोगेंद्र, राहुल, रानी और आरती मौजूद रहे।




