सोनीपत। राई औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक फैक्ट्री के बाहर खड़ी कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कार कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा होने से टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फैक्ट्री संचालक प्रशांत के अनुसार, कार फैक्ट्री नंबर 2227 के बाहर खड़ी थी, जहां जानवरों की दवाइयां बनाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि कार में अचानक आग लगी और देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। लपटें फैक्ट्री की ओर बढ़ने लगी थीं, लेकिन समय रहते आग बुझा दी गई।
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ, केवल वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। मामले की जांच जारी है।




