Home » क्राइम » सोनीपत में दर्दनाक सड़क हादसा: काम पर जा रही महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, मौत

सोनीपत में दर्दनाक सड़क हादसा: काम पर जा रही महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, मौत

Picture of insightnews24

insightnews24

सोनीपत जिले में गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बहालगढ़ की रहने वाली एक महिला की मौत हो गई। काम पर जा रही महिला को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक चालक ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

काम पर जाते समय हुआ हादसा
पीड़ित पति नीरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के उघरना गांव का रहने वाला है और वर्तमान में पत्नी छोटी और बच्चों के साथ कत्था कॉलोनी बहालगढ़ में रहता है। दंपत्ति बहालगढ़ स्थित अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं।
गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे छोटी, उसकी बहन लक्ष्मी और अन्य महिलाएं काम पर जा रही थीं। जैसे ही वे बहालगढ़ फ्लाईओवर से आगे फौजी ढाबे के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी पानीपत की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने छोटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
टक्कर से छोटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी बहन ने तुरंत फोन कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति नीरज ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत पूरी तरह से ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुई है।

8 साल पहले हुई थी शादी, दो छोटे बच्चे अनाथ जैसे हालात में
नीरज और छोटी की शादी करीब 8 साल पहले हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे 5 साल और 3.5 साल के हैं। नीरज ने कहा कि बच्चे अपनी मां के बिना नहीं रहते थे, अब उन्हें संभालना बेहद कठिन होगा।
परिवार लगभग 3 साल पहले गांव से सोनीपत रोज़गार की तलाश में आया था और पति-पत्नी फैक्ट्रियों में काम कर परिवार का गुजारा कर रहे थे।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी ट्रक चालक की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही ASI अनिल टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के बयान लिए और नीरज द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर थाना बहालगढ़ में धारा 281 और 106 BNS के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स