रात की ड्यूटी के बाद लौटे संदीप पर रॉड से हमला, मेडिकल रिपोर्ट के बाद दर्ज होगा केस
सोनीपत, 19 अक्टूबर : सिविल लाइन थाना परिसर में स्थित सरकारी क्वार्टर में एक पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल पुलिसकर्मी संदीप ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की साजिश के तहत पड़ोस में रहने वाले दो महिलाओं और तीन पुरुषों ने मिलकर उस पर रॉड से हमला किया।
संदीप ने बताया कि वह रात की ड्यूटी के बाद घर लौटा था, तभी हमला हुआ। हमले में उसके हाथ और छाती पर गंभीर चोटें आईं और एक दांत भी टूट गया। संदीप का कहना है कि पति-पत्नी के आपसी विवाद में पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर जान से मारने की कोशिश की।
घायल अवस्था में संदीप को सोनीपत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। उसने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस विभाग मामले को गंभीरता से ले रहा है।
चूंकि यह घटना थाना परिसर के भीतर हुई है, इसलिए पुलिस महकमे में भी यह चर्चा का विषय बनी हुई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हमला आपसी रंजिश का परिणाम था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।




