Home » लेटेस्ट न्यूज़ » सेवा ट्रस्ट यूके (इंडिया) ने महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में महिलाओं को किया सम्मानित

सेवा ट्रस्ट यूके (इंडिया) ने महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में महिलाओं को किया सम्मानित

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र।
सेवा ट्रस्ट यूके (इंडिया) की ओर से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काली कमली मंदिर, कुरुक्षेत्र में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाशाली और मेहनती महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवा ट्रस्ट यूके (इंडिया) के जिला कोऑर्डिनेटर पवन मित्तल और अम्बे सेवा समिति के प्रधान ओमपाल बंसल उपस्थित रहे। इस अवसर पर पवन मित्तल ने कहा कि सेवा ट्रस्ट महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई-कटाई सेंटर, कंप्यूटर शिक्षा, ब्यूटी पार्लर और स्वरोजगार केंद्र जैसे अनेक कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इन प्रयासों से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार का बेहतर तरीके से पालन-पोषण भी कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ट्रस्ट वास्तव में महिला सशक्तिकरण को जमीन पर उतारने का कार्य कर रहा है।

सेवा ट्रस्ट के खंड कोऑर्डिनेटर राजेश सैनी और योगेश गर्ग ने बताया कि सामाजिक कार्यों के विस्तार के तहत अंबाला के साहा क्षेत्र में “सेवा धाम” नाम से मल्टी फैसिलिटी होम का निर्माण किया जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले इस सेवा धाम में अनेक सामाजिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि 6655 वर्ग गज में बन रहे सेवा धाम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसका उद्देश्य दुर्लभ रोग ड्यूकेन मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी से पीड़ित बच्चों की सहायता करना है। साथ ही यहां विभिन्न स्किल डेवलपमेंट कोर्स भी शुरू किए जाएंगे, जिससे महिलाएं अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकेंगी।

सेवा ट्रस्ट की सिटी अध्यक्षा सीमा देवी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा विभिन्न स्थानों पर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें महिलाओं, छात्राओं और नवजात कन्याओं के परिवारों को सम्मानित किया जाता है। ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी विजय पंघाल और अम्बे सेवा समिति से राजेश शर्मा ने कहा कि सेवा ट्रस्ट यूके इससे पहले भी रक्तदान शिविर, बच्चों की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार जैसे कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।

कार्यक्रम के दौरान कॉर्पोरेट स्पॉन्सर डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से सभी महिलाओं को इम्यूनिटी बूस्टर किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं अम्बे सेवा समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर जसपाल, सुनीता देवी (खेड़ी ब्राह्मण), मीना अमीन, ममता देवी, रीना, ज्योति, वर्षा, रेखा कमोदा सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स