सिरसा। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव सड़क किनारे एक पेड़ से अपने साफे के फंदे से लटका मिला। शव दिखते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम ने शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में ले लिया।
मृतक की पहचान सादेवाला गांव के करण के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फतेहाबाद जिले के नागपुर गांव का निवासी था और पिछले एक महीने से अपने परिवार के साथ सादेवाला स्थित ननिहाल आया हुआ था।
वॉशरूम जाने की बात कहकर निकला था घर से
परिजनों के अनुसार, करण ने रात में अपनी नानी को “वॉशरूम जा रहा हूं” कहकर घर से बाहर कदम रखा था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वह मामा के पास सो गया होगा। लेकिन सुबह गांव वालों ने सड़क किनारे पेड़ से उसका शव लटकता देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घरेलू परेशानियां बनी वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करण पिछले कुछ दिनों से घरेलू समस्याओं के कारण तनाव में था। संभवत: इसी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। मृतक के परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटी बहन और छोटा भाई भी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आगे की कार्रवाई परिजनों के बयान और जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।




