फरीदाबाद। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेले में स्टॉल लगाने आए एक युवा कारपेट व्यापारी की शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सेक्टर-21D रोड पर सेक्टर-डी गोल चक्कर के नजदीक रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच हुआ।
जानकारी के अनुसार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को राहगीरों की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 29 वर्षीय साहिल, निवासी भूसिया टाउन, उरई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके साथ बाइक पर कैफ नामक युवक सवार था, जो उसी कस्बे का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था।
मृतक के भाई मोहम्मद इमरान ने बताया कि साहिल सूरजकुंड मेले में कारोबार करने के उद्देश्य से फरीदाबाद आया था। शुक्रवार रात स्टॉल का सामान रखने के बाद दोनों युवक बाइक से दिल्ली लौट रहे थे। सेक्टर-डी गोल चक्कर के पास सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक फिसल गई। हादसे में साहिल के सिर में गंभीर चोट आई।
परिजनों का आरोप है कि दुर्घटनास्थल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था न होने से हादसा हुआ। इमरान के मुताबिक उसी दिन साहिल को मेले में स्टॉल अलॉट हुई थी और शुल्क भी जमा कराया गया था।
हादसे की सूचना कैफ ने किसी तरह परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने स्थानीय नागरिकों की मदद से साहिल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घायल कैफ को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एनआईटी थाना प्रभारी महाबीर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




