कैथल।
कैथल जिले के गांव संतोख माजरा में बिजली की वायरिंग में खराबी के चलते एक रिहायशी मकान में आग लग गई। हादसे में 62 वर्षीय महिला उर्मिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिससे उसकी जान चली गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे।
पड़ोसियों ने जब घर से धुआं निकलता देखा तो तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने परिजनों की सहायता से महिला को कमरे से बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे के बयान पर इत्तेफाकिया मौत का मामला
पुलिस ने मृतका के बेटे आशु के बयान के आधार पर आकस्मिक मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
मजदूरी पर गया था बेटा, बहन राशन लेने
आशु ने बताया कि वह मजदूरी करता है और 9 जनवरी को काम के सिलसिले में दूसरे गांव गया हुआ था। उसकी छोटी बहन गांव के डिपो से राशन लेने गई थी। इसी दौरान उसे पड़ोसियों से सूचना मिली कि उसकी मां आग की चपेट में आ गई है।
चलने-फिरने में असमर्थ थी महिला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिजली की एक तार में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी पास रखे कपड़ों तक पहुंच गई, जिससे आग भड़क उठी। परिजनों के अनुसार, उर्मिला चलने-फिरने में असमर्थ थी, जिस कारण वह समय रहते खुद को बचा नहीं सकी।
राजौंद थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में कराया गया है और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।




