Home » लेटेस्ट न्यूज़ » श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी श्रद्धांजलि

श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी श्रद्धांजलि

Picture of insightnews24

insightnews24

यमुनानगर | 21 दिसंबर

श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब गोबिंदपुरा, भम्भौली में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस समागम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और अरदास के साथ श्री गुरु तेग बहादुर जी के तप, त्याग और बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि इस पवित्र धरा पर आकर उनका मन श्रद्धा और गौरव से भर गया है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान केवल भारत ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने धर्म, सत्य और मानव मूल्यों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के परिवार की शहादत विश्व इतिहास की सबसे महान शहादतों में से एक है। यह समागम श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के साथ-साथ माता गुजर कौर जी और चारों साहिबजादों की अद्वितीय शहादत को समर्पित है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हो रहे गुरुवाणी कीर्तन और कथा-वाचन से न केवल संगत निहाल हो रही है, बल्कि युवा पीढ़ी को भी गुरु साहिबानों के आदर्शों से प्रेरणा मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि यमुनानगर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का नाम ‘हिन्द की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी’ के नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने गुरुद्वारा ट्रस्ट को 31 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की। गुरुद्वारा ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा, श्री गुरु तेग बहादुर जी का चित्र और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने समागम के दौरान आयोजित बड़े रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि यह गुरु साहिब की उस शिक्षा का सजीव उदाहरण है, जिसमें मानवता की सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताया गया है। उन्होंने संगत से गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा में आगे आने का आह्वान किया।

समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव देखने को मिला।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स