प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में करेंगे शिरकत, संगत के लिए पास की आवश्यकता नहीं
कुरुक्षेत्र, 18 नवंबर। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में होने वाला श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस का राज्य स्तरीय समारोह ऐतिहासिक होने जा रहा है। यह कार्यक्रम 25 नवंबर को आयोजित होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष तौर पर शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में आने के लिए संगत को किसी भी प्रकार के पास की आवश्यकता नहीं होगी।
रतगल गुरुद्वारा साहिब और नीलधारी गुरुद्वारा साहिब पिपली में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी न केवल शहीदी दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे, बल्कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 का भी हिस्सा बनेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और प्रशासनिक अधिकारी भी स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।
पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि संत महापुरुष सम्मान एवं प्रचार-प्रसार योजना के तहत राज्य सरकार 25 नवंबर को यह भव्य आयोजन कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएगा और कुरुक्षेत्र की धरती पर इतिहास का नया अध्याय जोड़ेगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री हरियाणा को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
सुभाष सुधा ने बताया कि प्रधानमंत्री एक ही दिन में कुरुक्षेत्र में दो से तीन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर तक जिले में गुरु साहिब के आदर्शों पर आधारित विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। इसके तहत शहीदी यात्राएं 8 नवंबर को सिरसा के रोडी, 11 नवंबर को पंचकूला के मढ़ावाला, 14 नवंबर को फरीदाबाद और 18 नवंबर को यमुनानगर के सढ़ोरा से निकाली गई हैं। ये सभी यात्राएं 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगी।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा साहिब रतगल और नीलधारी गुरुद्वारा पिपली से बड़ी संख्या में संगत और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जसविंद्र सैनी, जरनैल सिंह, संत सिंह, डॉ. सतिंद्र सैनी, कुलविंद्र सिंह, शमशेर, गुरदेव सिंह, पार्षद पंकज खन्ना, पार्षद मानक सिंह आदि शामिल थे।




