Home » क्राइम » शाहाबाद NH-44 पर दर्दनाक हादसा, टायर फटने से पलटी कार

शाहाबाद NH-44 पर दर्दनाक हादसा, टायर फटने से पलटी कार

Picture of insightnews24

insightnews24

हिमाचल के तकनीशियन की मौत, दो दोस्त घायल; दिवाली पर घर लौट रहे थे तीनों

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के शाहाबाद क्षेत्र में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार का टायर फटने से वाहन बेकाबू होकर पलट गया, जिसमें तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान हिमाचल प्रदेश के युवक सूरज (21) ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके दोनों साथी उपचाराधीन हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक सूरज हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के स्लेट गांव का रहने वाला था और गुरुग्राम की एक म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट कंपनी में बतौर टेक्नीशियन कार्यरत था। सूरज अपने दोस्तों विक्रम और विवेक के साथ गुरुग्राम से चंडीगढ़ जा रहा था।

दिवाली पर घर लौट रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, सूरज 18 अक्टूबर को कंपनी से छुट्टी लेकर दिवाली मनाने के लिए घर जा रहा था। शुक्रवार रात जब वे तीनों शाहाबाद के रेड चिल्ली होटल के पास पहुंचे, तो अचानक कार का टायर फट गया। टायर फटते ही कार ने नियंत्रण खो दिया और कई बार पलटती हुई हाईवे के बीचों-बीच रुक गई।

राहगीरों ने बचाई जान

हादसे के बाद तीनों युवक कार में फंस गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद की और कार का शीशा तोड़कर तीनों को बाहर निकाला। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान मौत

शाहाबाद हुडा चौकी के जांच अधिकारी PSI अंकित कुमार ने बताया कि देर रात इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हादसे की वजह बना टायर फटना

प्राथमिक जांच में पुलिस ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह कार का टायर फटना रहा। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और परिजन सदमे में हैं।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स